शहर में पिछले कुछ दिनों से मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। कभी तेज धूप तो कभी बादल छाने से लोगों की सेहत पर असर पड़ रहा है, जिसके चलते बड़ी संख्या में लोग बीमार हो रहे हैं।इसी का असर अस्पतालों में भी देखने को मिल रहा है। शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय अस्पताल में सोमवार को कुल 1957 मरीज विभिन्न रोगों के इलाज के लिए पहुंचे।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, अधिकतर मरीज सर्दी-खांसी, बुखार, उल्टी-दस्त और वायरल संक्रमण जैसी समस्याओं से पीड़ित हैं। बदलते मौसम के कारण इन बीमारियों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है।प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि अत्यधिक गर्मी में बिना जरूरी काम के बाहर न निकलें। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पानी पीने, सिर को ढककर रखने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की अपील की।उन्होंने यह भी बताया कि यदि किसी को उल्टी या दस्त की समस्या हो रही है, तो तुरंत ओआरएस (ORS) का घोल पीएं और आवश्यकता पड़ने पर डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

