वाराणसी: कफ-सिरप तस्करी मामले में फरार चल रहे आरोपी शुभम जायसवाल के खिलाफ बड़ा कदम उठाया गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया गया है। अब उसकी दुबई से गिरफ्तारी की प्रक्रिया तेज हो गई है।जानकारी के अनुसार, शुभम जायसवाल लंबे समय से अवैध कफ-सिरप कारोबार में संलिप्त था और पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए देश छोड़कर फरार हो गया था। मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने उसे पहले ही भगोड़ा घोषित कर दिया था।
पुलिस और जांच एजेंसियों की सिफारिश पर इंटरपोल के जरिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया, जिससे अब आरोपी की लोकेशन ट्रैक कर उसे हिरासत में लिया जा सकेगा। सूत्रों के मुताबिक, दुबई प्रशासन के सहयोग से जल्द ही उसे गिरफ्तार कर भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।इस कार्रवाई को कफ-सिरप तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा हो सकता है।

