भेलूपुर थाना क्षेत्र के शुकुलपुरा स्थित हनुमान मंदिर के पास मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। एक किराए के कमरे में आग लगने के बाद गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।मिली जानकारी के अनुसार शुकुलपुरा निवासी रामनरेश सोनकर के हाते में करीब 70 से अधिक परिवार किराए पर रहते हैं। इसी हाते के दूसरे तल पर किरायेदार कल्लू अपने परिवार के साथ रहते हैं। घटना के समय कमरे में उनका बड़ा बेटा सूरज मौजूद था। अचानक सिलेंडर में आग लग गई, जिससे घबराकर सूरज बाहर भागा और शोर मचाया।आग लगने की सूचना पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसी दौरान हाते में रहने वाले सतवंत आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे, तभी अचानक सिलेंडर में विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि कमरे की टिन की छत उड़ गई और सिलेंडर लगभग 100 मीटर दूर जा गिरा। इस हादसे में सतवंत गंभीर रूप से झुलस गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया।हादसे की सूचना मिलते ही कल्लू और उनकी पत्नी भी मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। बताया जाता है कि कल्लू दुर्गाकुंड इलाके में दाना बेचते हैं, जबकि उनकी पत्नी घरों में काम कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

