काशी में स्वामी नारायण मंदिर का 85वां स्थापना दिवस भव्य रूप से मनाया गया

मच्छोदरी स्थित स्वामी नारायण मंदिर में मंगलवार को 85वां स्थापना दिवस श्रद्धा और भक्ति के साथ धूमधाम से मनाया गया। पूरे मंदिर परिसर में वैदिक श्लोकों, मंत्रोच्चार और भक्ति भजनों की गूंज रही।कार्यक्रम की शुरुआत भगवान स्वामी नारायण एवं लक्ष्मीनारायण देव के पंचामृत अभिषेक से हुई, जिसमें दही, दूध और शहद से स्नान कराया गया। इसके पश्चात भगवान को नूतन वस्त्र धारण कराए गए और विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया।

मंदिर के पुजारी घनश्याम मेहता, पुजारी नवीन एवं बासु भगत द्वारा विधि-विधान से भव्य आरती की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति भजनों की सुंदर प्रस्तुति दी, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम के अंत में भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।पूरे आयोजन का संचालन मंदिर के महंत स्वामी प्रेम स्वरूपदास के सान्निध्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि काशी में प्रभु स्वामी नारायण का षोडषोपचार पूजन अत्यंत पुण्यदायी है। हर वर्ष की तरह इस बार भी देश-विदेश से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में स्थापना दिवस को भव्य रूप दिया गया।कार्यक्रम में यजमान के रूप में योगेश पटेल (मेडिकल), चंद्रिका, नवदंपति धैर्य पटेल एवं ऐश्वर्या राज लक्ष्मी शामिल रहे। साथ ही अल्पेश भाई पारेख (मुंबई), भावेश भगत, दिनेश पाटीदार, भावना भगत सहित अन्य भक्तों ने आयोजन में सहयोग किया।



Post a Comment

Previous Post Next Post