कैंट रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम को चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली। प्लेटफॉर्म नंबर 8 और 9 पर एक संदिग्ध व्यक्ति के पास से करीब 16 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।पुलिस के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 को स्टेशन पर सघन जांच के दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया। तलाशी लेने पर उसके ट्रॉली बैग और पिट्ठू बैग से भारी मात्रा में नकदी मिली।पूछताछ में आरोपी की पहचान रवि गुलाटी (पुत्र ज्ञानचंद गुलाटी), निवासी तिलहर, शाहजहाँपुर के रूप में हुई है। वह बेगमपुरा ट्रेन से शाहजहाँपुर जाने की तैयारी में था।
आरोपी ने बताया कि वह शाहजहाँपुर में कॉस्मेटिक की दुकान चलाता है और कटे-फटे नोट बदलवाने के लिए वाराणसी आया था, लेकिन वह इस रकम से जुड़े कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने पहली बार वाराणसी आने की बात कही थी, लेकिन जांच में सामने आया कि वह पहले भी कई बार यहां आ चुका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना आयकर विभाग को दे दी गई है।फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद रकम का स्रोत क्या है और इसे कहां ले जाया जा रहा था। अब इस पूरे मामले का खुलासा आयकर विभाग की जांच के बाद ही हो सकेगा।

