वाराणसी में भीषण सड़क हादसा: रिंग रोड पर तीन ट्रेलरों की टक्कर, दो चालकों की मौत

चोलापुर थाना क्षेत्र में शनिवार को रिंग रोड पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां तीन ट्रेलरों की आपस में जोरदार टक्कर में दो चालकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। घायल का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है।हादसा हरिबल्लमपुर गांव के पास उस समय हुआ जब एक ट्रेलर तकनीकी खराबी के चलते सड़क पर खड़ा हो गया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे दूसरे ट्रेलर ने खड़े वाहन में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसके पीछे आ रहा तीसरा ट्रेलर भी अनियंत्रित होकर दोनों वाहनों से जा भिड़ा, जिससे दुर्घटना और भी भयावह हो गई।

इस हादसे में चंदौली जनपद के नौगढ़ क्षेत्र के बटौआ निवासी 21 वर्षीय श्याम सुंदर यादव की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, अन्य दो घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक और चालक ने दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे की हालत नाजुक बनी हुई है।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ट्रेलर की तकनीकी खराबी और तेज रफ्तार को माना जा रहा है। घटना के बाद प्रशासन ने रिंग रोड पर खड़े भारी वाहनों की निगरानी और फिटनेस जांच को सख्त करने की बात कही है।



Post a Comment

Previous Post Next Post