कानपुर में अवैध किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट का बड़ा खुलासा हुआ है। इस मामले में मुख्य आरोपी डॉक्टर अफजल का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह नोटों की गड्डियों पर लेटा हुआ दिखाई दे रहा है और उनसे हवा करता नजर आ रहा है। यह वीडियो कथित तौर पर एक दलाल के मोबाइल से बरामद हुआ है।पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान दलाल से तीन वीडियो मिले हैं, जिनमें रैकेट से जुड़े कई अहम सुराग सामने आए हैं। वीडियो में दिख रहा है कि अवैध तरीके से कमाए गए पैसों का खुलेआम प्रदर्शन किया जा रहा था।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह जरूरतमंद और गरीब लोगों को पैसों का लालच देकर उनकी किडनी निकलवाता था और फिर भारी रकम लेकर मरीजों को ट्रांसप्लांट करता था। पूरे नेटवर्क में डॉक्टर, दलाल और अन्य सहयोगी शामिल थे।पुलिस ने मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया है और आगे की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो और अन्य डिजिटल सबूतों के आधार पर पूरे रैकेट की परतें खोली जा रही हैं।स्वास्थ्य विभाग ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अस्पतालों और क्लीनिकों की जांच शुरू कर दी है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।

