वाराणसी के कैंट थाना पुलिस व SOG को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय टप्पेबाज गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी बिहार के निवासी बताए जा रहे हैं, जिनका आपराधिक इतिहास कई राज्यों और वाराणसी के विभिन्न थानों में दर्ज है।यह कार्रवाई उस मामले के खुलासे में की गई, जिसमें कुछ दिन पहले एक बुजुर्ग महिला से करीब 7 लाख रुपये की ठगी की गई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पहले एक सदस्य ने महिला के कपड़ों पर कोई पदार्थ फेंका, फिर दूसरे ने मदद के बहाने ध्यान भटकाया और तीसरे आरोपी ने बैग से रुपये निकाल लिए।
जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य वारदात से पहले रेकी करते थे और बाद में पहचान छुपाने के लिए अपने ठिकाने बदल लेते थे।पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 1.70 लाख रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त XUV700 बरामद की गई है।इस संबंध में प्रवीण कुमार (डीसीपी क्राइम) ने बताया कि गिरोह के अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच की जा रही है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

