वाराणसी में टोटो चालकों की बढ़ती मनमानी से नगरवासी परेशान हैं। शहर की संकरी गलियों से लेकर मुख्य मार्गों तक टोटो और टेंपो का दबदबा देखने को मिल रहा है, जिससे आए दिन जाम और अव्यवस्था की स्थिति बनी रहती है।लक्सा थाना क्षेत्र के गीता मंदिर वाली गली की स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार लक्ष्मी कुंड से प्रवेश करने वाली यह गली टोटो चालकों के कारण लगभग “नरकीय” हो चुकी है। भीड़भाड़ और अव्यवस्थित आवाजाही से राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का आरोप है कि विरोध करने पर कुछ टोटो चालक मारपीट पर उतारू हो जाते हैं, जिससे भय का माहौल बना रहता है। वहीं बेनिया, नई सड़क और चेतगंज क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में टोटो और टेंपो सड़कों पर खड़े रहते हैं, जो जाम का प्रमुख कारण बन रहे हैं।स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि रोपवे निर्माण के चलते बढ़ी भीड़ के बीच टोटो चालक हर गली में घुसकर स्थिति और बिगाड़ रहे हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि इन चालकों पर प्रशासन का कोई प्रभाव नहीं दिखता और उन्हें अधिकारियों का संरक्षण प्राप्त है।नगरवासियों और व्यापारियों ने उच्चाधिकारियों से इस समस्या पर तत्काल संज्ञान लेते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु किया जा सके।

