वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के काशी जोन में लंका पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए घर में घुसकर लाखों के आभूषण चोरी करने वाले दो इनामी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 40 लाख रुपये मूल्य के चोरी के आभूषण भी बरामद किए हैं।यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत की गई। थाना लंका की पुलिस टीम ने 25-25 हजार रुपये के इनामी दोनों वांछित अभियुक्तों को काशीपुरम कॉलोनी, सीर गोवर्धनपुर क्षेत्र में बबूल के पेड़ के पास से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोहम्मद शारिक जमाल अंसारी (38 वर्ष) निवासी बजरडीहा और रेयाज अकरम (27 वर्ष) निवासी बजरडीहा, थाना भेलूपुर के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार 5 अप्रैल 2026 को पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपनी पत्नी के साथ 31 मार्च को अपने गांव रोहतास गया था। 4 अप्रैल को वापस लौटने पर घर का अंदरूनी ताला टूटा मिला और आलमारी-बक्से से पुस्तैनी गहने व कपड़े चोरी हो चुके थे। इस पर थाना लंका में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस टीम ने सर्विलांस और मुखबिर की मदद से दोनों आरोपियों का पता लगाया और दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए, जिनमें हार, कंगन, अंगूठी, झुमके, पायल, मंगलसूत्र समेत अन्य जेवर शामिल हैं।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों पर पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट और अन्य आपराधिक मामले शामिल हैं।

