दिनदहाड़े होटल में महिला को गोली मारने वाला आरोपी गिरफ्तार, अवैध पिस्टल बरामद

नदेसर स्थित होटल वेस्ट इन में दिनदहाड़े महिला को गोली मारने की सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए कैण्ट पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वरुणा जोन के अधिकारियों के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम राय (34 वर्ष) पुत्र मनबोध सिंह निवासी चकलोला, थाना कपसेठी, वाराणसी के रूप में हुई है, जिसे 13 अप्रैल 2026 को सैनिक अस्पताल के पास से पकड़ा गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि 11 अप्रैल 2026 को होटल वेस्ट इन के कमरा नंबर 307 में ठहरे युवक-युवती के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके दौरान आरोपी ने युवती को गोली मार दी। घटना के बाद दोनों होटल से बाहर निकल गए, जबकि बाद में सिगरा स्थित अस्पताल से युवती को गोली लगने की सूचना पुलिस को मिली। मामले में 12 अप्रैल को पीड़िता की मां की तहरीर पर थाना कैण्ट में मुकदमा दर्ज किया गया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध पिस्टल, .32 बोर का एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, 1060 रुपये नकद और एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया गया है।  पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।



Post a Comment

Previous Post Next Post