मनीष सिंह हत्याकांड: चार आरोपी गिरफ्तार, कई फरार; दबिश तेज

फूलपुर थाना क्षेत्र के घमहापुर गांव में हुए युवा उद्यमी मनीष सिंह हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में मनोज प्रजापति, हरिश्चंद्र राजभर, योगेंद्र प्रजापति और अभिषेक उर्फ बुद्धू शामिल हैं। मंगलवार को कोर्ट में पेशी के बाद चारों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।वहीं मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों—आशीष राजभर, मनीष राजभर, नागेंद्र प्रजापति और दीपक राजभर समेत कुछ अज्ञात लोगों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच और फूलपुर पुलिस की चार टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

स्थिति को देखते हुए गांव में एहतियातन पीएसी और पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही डीसीपी गोमती जोन द्वारा आशीष राजभर, मनीष राजभर, दीपक राजभर, गोविंद राजभर और नागेंद्र राजभर पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र कुमार ने घटना के दूसरे दिन भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी, जो एक मिसाल बनेगी।गौरतलब है कि रविवार रात पत्तल-दोना फैक्टरी से घर लौटते समय मनीष सिंह की कार से बिंदू देवी को टक्कर लग गई थी। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने मनीष सिंह को घेर लिया और ईंट-पत्थरों से पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी।इस मामले में मृतक के चाचा अरुण सिंह की तहरीर पर हत्या, मॉब लिंचिंग समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।




Post a Comment

Previous Post Next Post