मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बहेड़वा हाल्ट प्लेटफॉर्म पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रही ट्रेन में गेट के पास खड़ा एक युवक अचानक अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना बहेड़वा ग्राम प्रधान संजय कुमार ने 112 नंबर पर पुलिस और जीआरपी को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर उसकी पहचान 22 वर्षीय लवकुश के रूप में की, जो सोनभद्र जिले के म्योरपुर थाना क्षेत्र के रामपहरी गांव का निवासी था।
बताया जा रहा है कि युवक अपने गांव से मुंबई नौकरी के लिए निकला था। मंगलवार देर रात वह अपने तीन दोस्तों के साथ यात्रा पर रवाना हुआ था। लवकुश अपने पिता की चार संतानों में इकलौता पुत्र था और अविवाहित था। उसके पिता ज्ञानचंद पेशे से राजगीर मिस्त्री हैं।हादसे के बाद मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन जीआरपी के आने में करीब दो घंटे का समय लग गया। बाद में जीआरपी चौकी प्रभारी माधो सिंह और स्टेशन प्रभारी धर्मेंद्र यादव मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।खजुरी चौकी प्रभारी गणेश पटेल ने बताया कि जीआरपी द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन वाराणसी के लिए रवाना हो गए हैं।


