उत्तर प्रदेश में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश के साथ ओलावृष्टि दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, कम से कम 6 जिलों में ओले गिरे, जबकि 15 से अधिक शहरों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई।राजधानी लखनऊ में दोपहर बाद अचानक आसमान में घने बादल छा गए, जिससे दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया। तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग ने अगले 3 घंटों के लिए लखनऊ समेत आसपास के क्षेत्रों में तूफान और तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों ने लोगों को सावधानी बरतने और जरूरत न होने पर घरों में ही रहने की सलाह दी है।तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की भी खबरें सामने आई हैं। किसानों को ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान होने की आशंका है।
मौसम विभाग का कहना है कि यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमीय परिस्थितियों के कारण हुआ है, और अगले 24 घंटों में मौसम इसी तरह बना रह सकता है।


