नई सड़क मार्ग स्थित होटल एचएम इंटरनेशनल में रविवार देर रात करीब 2:40 बजे भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के समय होटल के अधिकांश लोग गहरी नींद में सो रहे थे, जिससे कई लोग कमरे के अंदर ही फंस गए।देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे होटल परिसर में तेजी से फैल गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद अग्निशमन दल ने होटल में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
मौके पर पहुंचे एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी ने प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई है।इस हादसे में कई लोग झुलस गए, जिनमें हरियाणा के रेवाड़ी निवासी प्रदीप कुमार, उनकी पत्नी मंजीत, उनके दो बच्चे—सात वर्षीय शिवाय और चार वर्षीय शानवी—तथा मुंबई निवासी साहिल शामिल हैं। घायलों में से दो को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो अन्य को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है।फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।

