पत्रकारों के लिए प्रोटेक्शन एक्ट जरूरी: संजय निषाद, समस्याएं सीएम तक पहुंचाने का आश्वासन

उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद (मत्स्य पालन विभाग) ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए “प्रोटेक्शन एक्ट” लागू किया जाना अत्यंत आवश्यक है। वह शुक्रवार को काशी पत्रकार संघ द्वारा पराड़कर स्मृति भवन में आयोजित ‘संवाद कार्यक्रम’ को संबोधित कर रहे थे।उन्होंने कहा कि काशी पत्रकार संघ का इतिहास केवल एक संस्था का नहीं, बल्कि काशी की सामाजिक चेतना, संघर्ष और सच की आवाज का जीवंत दस्तावेज है। आजादी के आंदोलन में काशी की पत्रकारिता ने अपनी लेखनी से जनजागरण और क्रांति को दिशा दी। उन्होंने कहा कि जिस तरह डॉक्टर, अधिवक्ता और इंजीनियर जैसे पेशेवर कभी पूरी तरह से सेवानिवृत्त नहीं होते, उसी तरह पत्रकारों का अनुभव भी जीवनभर समाज के लिए उपयोगी रहता है, इसलिए उन्हें निरंतर सुरक्षा और सम्मान मिलना चाहिए।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका के लिए जहां सुरक्षा के प्रावधान हैं, वहीं पत्रकारों के लिए भी ठोस सुरक्षा कानून होना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने आवास, पेंशन और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी अपनी प्रमुख समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। संजय निषाद ने इन मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वह इन्हें मुख्यमंत्री तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएंगे और समाधान के लिए प्रयास करेंगे।इससे पूर्व अरुण मिश्र (अध्यक्ष, काशी पत्रकार संघ) ने मंत्री का स्वागत किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र श्रीवास्तव (महामंत्री) ने किया।कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष योगेश कुमार गुप्त, राजनाथ तिवारी, उपाध्यक्ष सुनील शुक्ला, वरिष्ठ पत्रकार दीनबंधु राय, कैलाश यादव, कृष्ण बहादुर रावत, प्रेस क्लब अध्यक्ष चंदन रुपाणी, हरी बाबू श्रीवास्तव, अरुण सिंह, दिलीप कुमार सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post