लहुराबीर स्थित एक स्थानीय रेस्टोरेंट में उद्योग व्यापार मण्डल काशी की संयुक्त पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इसमें व्यापारी नेताओं ने शहर की जर्जर स्वास्थ्य सेवाओं, खराब सड़कों और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।मंडल के अध्यक्ष विवेक कुमार गुप्ता ने सरकारी व निजी चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारी अस्पतालों में इलाज औपचारिकता बनकर रह गया है, जबकि निजी अस्पतालों में मरीजों से अत्यधिक शुल्क वसूला जा रहा है। उन्होंने दवाओं की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण की मांग की।
महामंत्री ध्रुव जी ने शहर की सड़कों की बदहाल स्थिति पर आक्रोश जताते हुए “खोदो और छोड़ दो” नीति को जिम्मेदार ठहराया और भ्रष्ट अधिकारियों व ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग की।वहीं कोषाध्यक्ष अनिल बिन्द ने बिजली विभाग पर गलत बिलिंग, स्मार्ट मीटर की गड़बड़ी और उपभोक्ताओं के उत्पीड़न के आरोप लगाए।

