वाराणसी। बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी(BHU) परिसर में उस समय तनाव का माहौल बन गया जब भगवानदास हॉस्टल से जुड़े एक विवाद को लेकर छात्रों ने कुलपति आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।बताया जा रहा है कि भगवानदास हॉस्टल के एक कमरे को वार्डन द्वारा बंद कर दिया गया, जिसके विरोध में छात्र बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए। छात्रों का आरोप है कि यह कार्रवाई बिना उचित सूचना और पारदर्शिता के की गई।
विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षाकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ सुरक्षाकर्मी मुंह ढककर पहुंचे, जिससे छात्रों में आक्रोश और बढ़ गया।छात्रों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई को मनमाना बताया और तुरंत हस्तक्षेप की मांग की। वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अब तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।स्थिति को देखते हुए परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की कोशिश की जा रही है।

