उदय प्रताप कॉलेज में छात्र आंदोलन ने उग्र रूप ले लिया है। छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या के बाद आक्रोशित छात्रों ने अब विरोध का अनोखा तरीका अपनाते हुए धरना स्थल पर अपना मुंडन कराया और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।धरनास्थल पर बड़ी संख्या में छात्र एकत्रित हैं और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। स्थिति को देखते हुए कैंपस में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। दरअसल, 20 मार्च को कॉलेज परिसर में दिनदहाड़े छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी मंजीत चौहान ने सरेंडर किया, जबकि दूसरे आरोपी अनुज ने बाद में कोर्ट में सरेंडर कर दिया। छात्र कॉलेज प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं।
छात्रों का आरोप है कि घटना के दौरान मौजूद सैकड़ों छात्रों के बीच हुई हत्या सीसीटीवी में कैद है, फिर भी कॉलेज प्रशासन के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी को लेकर छात्र प्रिंसिपल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और उन्हें पद से हटाने की मांग कर रहे हैं।प्रदर्शन कर रहे छात्रों की प्रमुख मांग है कि मुख्य आरोपी को फांसी की सजा दी जाए और कॉलेज प्रशासन के जिम्मेदार लोगों पर भी सख्त कार्रवाई हो। छात्रों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।छात्रों का कहना है, “जब तक हमें न्याय नहीं मिलेगा, तब तक यह आंदोलन चलता रहेगा। जरूरत पड़ी तो विरोध और तेज किया जाएगा।”

