शिवपुर में कचरे से निकले सोने के सिक्कों से मचा हड़कंप, पुलिस ने जब्त किए सिक्के और नकदी

वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र में कूड़ा बीनने वाले एक युवक को कचरे के ढेर से कथित तौर पर सोने के कई सिक्के मिलने का मामला सामने आया है। युवक ने इनमें से एक सिक्का 60 हजार रुपये में बेच दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सिक्कों और नकदी को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, दुधईया पोखरी क्षेत्र निवासी सुरेश का परिवार कूड़ा बीनकर गुजर-बसर करता है। सुरेश के बेटे बबलू ने बताया कि दो दिन पहले वह शिवपुर के यमुना नगर कॉलोनी के पास कूड़ा बीन रहा था। इसी दौरान उसे एक पॉलिथीन मिली, जिसमें कई सिक्के रखे थे। वह सिक्कों को घर ले आया, जहां परिजनों ने उन्हें सोने का बताया।

इसके बाद बबलू ने एक ज्वैलर्स के पास जाकर एक सिक्का 60 हजार रुपये में बेच दिया। बाद में परिवार को इन सिक्कों की अधिक कीमत का अंदाजा हुआ। इसी बीच, बस्ती के पास क्लीनिक संचालित करने वाले एक डॉक्टर ने भी दो सिक्के अपने पास रख लिए और बाद में भुगतान करने की बात कही।

Advertisement

मामले की चर्चा क्षेत्र में फैलने के बाद इसकी सूचना पुलिस को मिली। बबलू के भाई राजकुमार के अनुसार, परिवार को कुल सात सिक्के मिले थे। इनमें से एक सिक्का बेचा जा चुका था, जबकि दो सिक्के डॉक्टर के पास थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घर से चार सिक्के, डॉक्टर के पास से दो सिक्के और 45 हजार रुपये नकद कब्जे में ले लिए।

Advertisement

राजकुमार का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें चोरी के मामले में जेल भेजने की धमकी दी। वहीं, शिवपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि बरामद सिक्कों के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post