जनपद के एक इलाके में स्थित पोल्ट्री फार्म को लेकर चल रहा विवाद अब गहराता जा रहा है। स्थानीय निवासी सोनम सिंह ने आरोप लगाया है कि कुछ महिलाएं उनके फार्म में जबरन प्रवेश कर हंगामा करती हैं और उनके पति पंकज सिंह को झूठे छेड़खानी के मामले में फंसाने की धमकी देती हैं।पीड़िता के मुताबिक, यह विवाद पिछले कुछ समय से जारी है, लेकिन अब घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उनका कहना है कि विपक्षी पक्ष की महिलाएं समूह में आकर विवाद खड़ा करती हैं और कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर दबाव बनाने की कोशिश करती हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि पंकज सिंह ने फार्म पर जाना बंद कर दिया है, जिससे उनके कामकाज पर असर पड़ रहा है।
सोनम सिंह ने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कोई गंभीर घटना हो सकती है। उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से की गई है और दो एफआईआर भी दर्ज हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।पंकज सिंह का कहना है कि उनके पास तोड़फोड़ और चोरी के सबूत मौजूद हैं, जिनमें सीसीटीवी कैमरों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं भी शामिल हैं, फिर भी पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है।दंपत्ति ने चौकी इंचार्ज पर विपक्षी पक्ष के साथ सांठगांठ का आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।


