!! वाराणसी !! नगवाँ, लंका स्थित वाराणसी के ख्यातिलब्ध सीबीएसई विद्यालय इंटरनेशनल हिन्दू स्कूल का हाईस्कूल (कक्षा 10वीं) परीक्षा परिणाम इस वर्ष अत्यंत सराहनीय रहा। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिससे विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।
परीक्षा परिणाम में अनन्या शुक्ला ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं कृतिका पटेल ने 96 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान तथा शिवेश वर्मा ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान अर्जित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. सुमन कुमार मिश्र ने अमेरिका से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय छात्रों के सम्पूर्ण व्यक्तित्व विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है और इस उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम से विद्यालय गौरवान्वित है।
उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय महाभारत कथा के माध्यम से छात्रों में नैतिक मूल्यों के संवर्धन हेतु एक अनूठा प्रयास कर रहा है।
विद्यालय की प्रबंधक संध्या मिश्र, शैक्षणिक सलाहकार जयंती सामंत, प्रधानाचार्य संतोष कुमार तिवारी, उप-प्रधानाचार्य गणेश शंकर चतुर्वेदी तथा हेड मिस्ट्रेस अनुपमा श्रीवास्तव ने सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों को इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
