दशाश्वमेध घाट पर माँ बड़ी शीतला धाम में संगीत समारोह का भव्य आगाज़, बधावा यात्रा के साथ हुई मां की अलौकिक विराट आरती

दशाश्वमेध घाट स्थित सिद्धपीठ श्री बड़ी शीतला माता माई धाम में पांच दिवसीय संगीत समारोह की पहली निशा मंगलवार को भव्य धार्मिक अनुष्ठानों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ प्रारंभ हुई। इस दौरान माँ शीतला का वार्षिक श्रृंगार पूरे विधि-विधान से संपन्न किया गया।देर रात्रि चतुर्दशी तिथि पर माँ शीतला का गंगाजल, गुलाब जल और पंचामृत से स्नान कराकर चंदन लेपन किया गया। इसके बाद माँ को स्वर्ण मुखौटा धारण कराते हुए नवीन वस्त्राभूषणों से अलंकृत किया गया। विभिन्न समाजों—कसेरा, मांझी, स्वर्णकार, व्यापारी और यादव समाज द्वारा शोभायात्रा के साथ माँ को प्रसाद अर्पित किया गया।मंदिर के महंत पंडित शिव प्रसाद पांडेय ने देर रात करीब 2:30 बजे 11 किलो कपूर और सैकड़ों घी के दीपों से भव्य विराट आरती संपन्न कराई। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व राज्यमंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

सायंकाल भाजपा संस्कृति प्रकोष्ठ के संयोजक एवं गीतकार कन्हैया दूबे के संयोजन में संगीत समारोह का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में महेंद्र प्रसन्ना और उनके साथियों की शहनाई, वहीं सुप्रसिद्ध कथक कलाकार पंडित माता प्रसाद मिश्र से सम्मानित पंडित रुद्रशंकर मिश्रा एवं उनके पुत्र ने गणेश वंदना और शिव वंदना पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुति दी।लोक गायिका शैलबाला, अर्चना तिवारी (बक्सर), राजेश तिवारी ‘रतन’, अंशिका सिंह और सुमन अग्रहरि सहित अनेक कलाकारों ने भजन और देवी गीतों की प्रस्तुतियों से देर रात तक श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। संगत में तबले पर सुधांशु राजपूत, बैंजो पर जियाराम, ढोलक पर वीरेंद्र वीर, पैड पर विवेक और कीबोर्ड पर नीरज पांडेय ने उत्कृष्ट सहयोग दिया। कलाकारों का स्वागत पंडित पुरुषोत्तम पांडेय, अविनाश पांडेय, अवशेष पांडेय, अभय पांडेय और जुगनू गुरु द्वारा चुनरी, स्मृति चिन्ह और माल्यार्पण के साथ किया गया।

इसी कड़ी में  जगतगंज क्षेत्र में वर्षों पुरानी परंपरा के तहत ‘माता का बधावा’ यात्रा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।  लल्लन सोनकर के नेतृत्व में करीब 40 वर्षों से आयोजित हो रही इस यात्रा में क्षेत्रीय लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।यात्रा जगतगंज स्थित ब्रह्म बाबा मंदिर से प्रारंभ होकर लहुराबीर चौराहा, नई सड़क, गिरजाघर चौराहा, खारी कुआं गली, जंगमबाड़ी होते हुए गोदौलिया चौराहा के रास्ते शीतला घाट स्थित माता शीतला मंदिर पहुंचकर सम्पन्न हुई।पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ यात्रा में हिस्सा लिया और माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस दौरान अमरिश सिंह भोला, शालिनी यादव, कीर्ति यादव, विजय यादव, दिनेश अग्रहरि सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post