वाराणसी में श्री काशी गणेशोत्सव कमेटी के अंदरूनी विवाद ने तूल पकड़ लिया है। कमेटी द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, मंत्री मुरलीधर गणेश पटवर्धन को संस्था के संविधान के विरुद्ध कार्य करने के आरोप में उनके पद से निष्कासित कर दिया गया है।जानकारी के मुताबिक, 28 मार्च 2026 को कमेटी की पंच समिति द्वारा सामान्य सभा की बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक की अध्यक्षता आनंद मानकर ने की, जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए मंत्री को पद से हटाने का फैसला किया गया।हालांकि, इसके अगले ही दिन 29 मार्च 2026 को मुरलीधर पटवर्धन ने अपने निवास पर अलग से एक सामान्य सभा बुलाकर स्वयं चुनाव कर लिया और नई कार्यकारिणी के गठन की घोषणा कर दी।
इस पर कमेटी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि उक्त बैठक में संस्था की मान्य सामान्य सभा का कोई भी सदस्य उपस्थित नहीं था। ऐसे में उस बैठक और उसमें लिए गए सभी निर्णयों को अमान्य घोषित किया गया है।कमेटी के पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों से अपील की है कि वे निष्कासन संबंधी निर्णय को संज्ञान में लें और केवल संस्था के संविधान के अनुरूप ही कार्य करें।फिलहाल इस विवाद के चलते कमेटी के भीतर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और आगे के घटनाक्रम पर सभी की नजरें टिकी हैं।

