नवनीता कुंवर पब्लिक स्कूल (सुसुवाही परिसर) में ग्रीष्मकालीन अवकाश से पूर्व नन्हे-मुन्ने बच्चों का मनोरंजक कार्यक्रम ‘टिनसेल टाउन’ बड़े ही उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ निदेशक राजेश कुमार राय, उपाध्यक्ष प्रवीण राय, प्रधानाचार्य डॉ. दिवाकर राय एवं कनिष्ठ समन्वयक असीम कुमार घोसाल द्वारा माँ सरस्वती के तैल चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण कर किया गया।कार्यक्रम में नर्सरी से लेकर यूकेजी तक के बच्चों ने भाग लिया। स्वागत संबोधन अर्चना रायजादा ने किया, जिसमें उन्होंने अतिथियों, अभिभावकों एवं बच्चों का अभिनंदन किया। बच्चों ने बॉलीवुड आधारित गीत-संगीत और समूह नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से माहौल को खुशनुमा बना दिया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. दिवाकर राय ने कहा कि छोटे बच्चे खेल और मनोरंजन के माध्यम से तेजी से सीखते हैं। यदि उनकी रुचियों को समझकर उन्हें शिक्षित किया जाए, तो उनका सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने इस प्रकार के आयोजनों को बच्चों की प्रतिभा निखारने का प्रभावी माध्यम बताया।कार्यक्रम का समापन कनिष्ठ समन्वयक असीम कुमार घोसाल के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जबकि मंच संचालन शिक्षिका शेफाली पटेल ने सफलतापूर्वक किया।


