वाराणसी पुलिस को बड़ी उपलब्धि: CM डैशबोर्ड में तीसरा, IGRS में लगातार प्रथम स्थान

पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी को माह मार्च की जारी रैंकिंग में उल्लेखनीय सफलता मिली है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में वाराणसी पुलिस ने CM डैशबोर्ड रैंकिंग में प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है, जबकि IGRS पोर्टल पर प्रथम स्थान बरकरार रखा है। खास बात यह है कि IGRS में यह उपलब्धि लगातार पाँचवें महीने भी कायम रही है।CM डैशबोर्ड की रैंकिंग कुल 51 विभिन्न मानकों पर आधारित होती है, जिनमें अपराध नियंत्रण, विवेचना निस्तारण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, डायल 112 की प्रतिक्रिया समय, महिला अपराधों पर कार्रवाई, SC/ST एक्ट, NDPS, गैंगस्टर व गुंडा एक्ट के तहत कार्यवाही तथा न्यायालय से सजा जैसे महत्वपूर्ण बिंदु शामिल हैं।

पुलिस आयुक्त द्वारा की जा रही साप्ताहिक समीक्षा और प्रभावी मॉनिटरिंग का ही परिणाम है कि वाराणसी पुलिस पिछले लगातार 8 महीनों से टॉप-10 में अपनी जगह बनाए हुए है। वहीं IGRS पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण वाराणसी को प्रदेश में अग्रणी बनाए हुए है।गौरतलब है कि वर्ष 2023 और 2024 में वाराणसी की स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर थी और यह प्रदेश में लगभग 70वें स्थान पर रहता था। लेकिन निरंतर सुधारात्मक प्रयासों के चलते अब यह प्रदर्शन में तेजी से उभरा है।महिला अपराधों में त्वरित कार्रवाई और डायल 112 की उच्च स्तरीय प्रतिक्रिया समय ने भी जनसुरक्षा को मजबूत किया है। समग्र प्रदर्शन के आधार पर वाराणसी पुलिस ने नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में दक्ष, उत्तरदायी और परिणामोन्मुख पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।


Post a Comment

Previous Post Next Post