वाराणसी में दूल्हा बनने से पहले युवक रहस्यमय ढंग से लापता, कमरे में मिला खून—परिजनों ने उठाए सवाल

जनपद के लंका थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी से पहले एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। घटना के बाद से परिवार में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।जानकारी के मुताबिक, छीत्तूपुर इलाके में किराए के मकान में रहने वाले आशीष चौहान 29 मार्च 2026 को अचानक लापता हो गए। परिजनों द्वारा फोन करने पर उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला, जिससे चिंता बढ़ गई। जब परिवार के लोग कमरे पर पहुंचे और दरवाजा खोलकर अंदर देखा, तो बिस्तर और कपड़े खून से सने मिले, जबकि आशीष वहां मौजूद नहीं थे।घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।

इस मामले में आशीष के पिता कमलाकांत चौहान ने लंका थाने में लिखित तहरीर दी है। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि अब तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उनका कहना है कि पुलिस महानिदेशक और पुलिस कमिश्नर समेत कई अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।पुलिस की कार्यशैली से नाराज परिजनों ने प्रेस वार्ता कर निष्पक्ष जांच और आशीष चौहान की शीघ्र बरामदगी की मांग की। इस दौरान SPCF के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश सिंह चौहान, जोगिंदर चौहान, अरविंद चौहान और शिवम चौहान सहित कई लोग मौजूद रहे।परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी होने की बात कह रही है, लेकिन आशीष का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है, जिससे परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।



Post a Comment

Previous Post Next Post