यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरी मोटर बोट पलटने से हुए दर्दनाक हादसे में 10 लोगों की मौत के बाद वाराणसी प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। इस घटना के मद्देनजर काशी के गंगा घाट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन और गंगा आरती के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु वाराणसी पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है।
एसीपी दशाश्वमेध डॉ अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि घाटों पर पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है और नाविकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे किसी भी हालत में नावों में ओवरलोडिंग न करें। साथ ही संवेदनशील और गहरे स्थानों पर चेतावनी बोर्ड भी लगाए जा रहे हैं।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले नाविकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नाबालिगों द्वारा नाव संचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है।श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि नाव यात्रा के दौरान लाइफ जैकेट अवश्य पहनें। वहीं नाविकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे केवल नारंगी रंग की लाइफ जैकेट ही उपलब्ध कराएं, ताकि पानी में आसानी से दिखाई दे सके।प्रशासन के इस सख्त रुख के बाद घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत नजर आ रही है।

