बढ़ती महंगाई और रसोई गैस की किल्लत से परेशान महिलाओं ने गुरुवार को विरोध प्रदर्शन किया। डॉ. अम्बेडकर प्रतिमा रविंद्रपुरी पर एकत्रित होकर महिलाओं ने सभा की और केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने उन्हें अपनी बात प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचाने से भी रोक दिया।सभा को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन की प्रदेश सचिव कुसुम वर्मा ने कहा कि हाल के समय में महंगाई और रसोई गैस संकट ने आम लोगों, खासकर महिलाओं की परेशानियां बढ़ा दी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और सरकार की नीतियों के चलते देश में गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका सीधा असर आम जनता पर पड़ा है।
वक्ताओं ने सरकार से मांग की कि महंगाई पर नियंत्रण किया जाए, रसोई गैस की आपूर्ति सुचारू की जाए और महिलाओं के लिए सम्मानजनक रोजगार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शांति और युद्धविराम की दिशा में पहल करने की भी अपील की गई।इस दौरान रोजा मैथ्यू, विभा वाही, सीमा, रेणुका, धनशीला सहित कई महिलाओं ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन सुजाता भट्टाचार्य ने किया। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

