ओपीडी से 200 मरीज लौटे, बिना नंबर लगाए मरीज दिखाने को लेकर हुई तू-तू मैं-मैं

वाराणसी। बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के अस्पताल में सोमवार को छात्रों और रेजिडेंट डॉक्टरों के बीच मरीजों को बिना नंबर दिखाने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद के कारण ओपीडी व्यवस्था प्रभावित हुई, जिससे करीब 200 मरीज बिना इलाज कराए लौटने को मजबूर हो गए।जानकारी के अनुसार, ओपीडी में मरीजों की लंबी कतार लगी हुई थी। इसी दौरान कुछ मरीजों को बिना पंजीकरण और नंबर के डॉक्टर को दिखाने की कोशिश की गई। इसे लेकर छात्रों और रेजिडेंट डॉक्टरों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों पक्षों में काफी देर तक तू-तू मैं-मैं होती रही, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

विवाद के चलते कई देर तक ओपीडी सेवाएं बाधित रहीं। मरीज और उनके परिजन परेशान नजर आए। कई लोगों ने अस्पताल प्रशासन से व्यवस्था सुधारने की मांग की।मामले की जानकारी मिलने पर अस्पताल प्रशासन मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। प्रशासन की ओर से पूरे घटनाक्रम की जांच कराने की बात कही गई है।


Post a Comment

Previous Post Next Post