उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में मंगलवार सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। औरास थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 262 के पास दिल्ली से बिहार जा रही डबल डेकर AC बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बिहार पुलिस के दरोगा, एक कैदी समेत 7 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। घायलों में 3 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय बस तेज रफ्तार में थी। अचानक ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और बस डिवाइडर से टकराकर रेलिंग पर लटक गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई यात्री खिड़कियों से नीचे एक्सप्रेस-वे के किनारे जा गिरे। एक यात्री का पैर कटकर अलग हो गया।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि ड्राइवर को झपकी आने के कारण हादसा हुआ। बस में कुल 36 यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और एक्सप्रेस-वे के किनारे घायल यात्री दर्द से तड़पते रहे। मृतकों में बिहार के सीवान पुलिस लाइन में तैनात दरोगा रामचंद्र राम (59) और कैदी छत्रपाल सिंह तोमर (59) शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, बिहार पुलिस की टीम कैदी को गुरुग्राम कोर्ट में पेशी के बाद वापस सीवान लेकर लौट रही थी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत-बचाव कार्य चलाकर करीब 27 घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान एक और यात्री की मौत हो गई। घायल यात्री बृजेश कुमार ने बताया कि सभी लोग गहरी नींद में थे। अचानक जोरदार धमाका हुआ और बस पलट गई। वहीं घायल सिपाही रामजी ने बताया कि हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और चारों तरफ चीख-पुकार सुनाई दे रही थी।हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद खुलवाया। मुख्यमंत्री योगी ने हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।
Tags
Trending


