मध्य प्रदेश में पटाखा फैक्ट्री बनी मौत का अड्डा, धमाकों से दहला इलाका

गुरुवार सुबह मध्य प्रदेश के देवास जिले के टोंककला क्षेत्र में एबी रोड स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में हुए जोरदार विस्फोट ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री में रखे बारूद व तैयार पटाखों के कारण एक के बाद एक कई धमाके होते रहे।इस दर्दनाक हादसे में अब तक तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 23 से अधिक श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए हैं। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट इतने शक्तिशाली थे कि फैक्ट्री के टीन शेड हवा में उछलकर एबी रोड तक जा पहुंचे। धमाके की गूंज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और आसपास का इलाका दहल उठा। घटनास्थल पर मलबा दूर-दूर तक फैल गया, जिससे भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।हादसे के बाद फैक्ट्री से लगातार काला धुआं उठता रहा। ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई, लेकिन लगातार हो रहे धमाकों के चलते कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। शुरुआती जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री में भारी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री मौजूद थी, जिसने आग को और भड़काने का काम किया।

बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में काम करने वाले कई श्रमिक बिहार के निवासी हैं। हादसे के वक्त बड़ी संख्या में मजदूर फैक्ट्री में मौजूद थे, जिनमें से कई आग और मलबे की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों ने जोखिम उठाकर घायलों को बाहर निकालने की कोशिश की।घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। कलेक्टर, एडीएम और अन्य वरिष्ठ अधिकारी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की कई गाड़ियां तत्काल घटनास्थल पर भेजी गईं। हालांकि, बीच-बीच में हो रहे धमाकों के कारण राहत कार्य में बाधाएं भी आईं।फिलहाल आग पर काबू पाने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम जारी है, जबकि हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post