गुजरात के राजकोट में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां बस और टैंकर की टक्कर के बाद भीषण आग लग गई। इस हादसे में चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि करीब 10 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना चोटीला-राजकोट नेशनल हाईवे पर संगानी गांव के पास रात करीब 1:30 बजे हुई। हादसे के समय प्राइवेट लग्जरी बस अहमदाबाद से राजकोट की ओर जा रही थी और उसमें लगभग 40 यात्री सवार थे।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार बस ने आगे चल रहे डामर से लदे टैंकर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में तुरंत आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।
डिप्टी कलेक्टर एचटी मकवाना ने बताया कि हादसे में चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी घायलों को तुरंत राजकोट सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए चोटिला रेफरल अस्पताल भेजा गया है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

