ओमान तट के पास स्ट्रेट ऑफ हॉरमुज में एक और गुजरात से जुड़ा मालवाहक जहाज हादसे का शिकार हो गया। ईरान से जुड़े तनावपूर्ण हालात के बीच यह घटना उस समय सामने आई, जब “एमएसवी हाजी अली” नामक जहाज ओमान के समुद्री क्षेत्र से गुजर रहा था।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जहाज किसी ड्रोन या मिसाइल जैसे हथियार की चपेट में आ गया, जिससे उसमें भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी और हालात बेकाबू होते देख चालक दल के सभी 14 सदस्यों ने लाइफबोट के जरिए जहाज को छोड़ दिया।
ओमान कोस्ट गार्ड ने तुरंत राहत और बचाव अभियान चलाया और सभी नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।जहाज के मालिक और गुजरात के द्वारका निवासी सुल्तान अहमद अंसारी ने बताया कि “हाजी अली” जहाज बेरबेरा पोर्ट से शारजाह की ओर जा रहा था। तड़के ओमान तट के पास जहाज के करीब जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद उसमें आग लग गई और धीरे-धीरे जहाज समुद्र में समा गया।इस घटना के बाद क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंताएं और बढ़ गई हैं। फिलहाल हमले के कारणों की जांच की जा रही है।

