अधिवक्ताओं ने बनारस क्लब को हटाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। सेंट्रल बार एसोसिएशन और बनारस बार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में बड़ी संख्या में वकील सड़कों पर उतर आए और नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट तक जुलूस निकाला।प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि पुलिस द्वारा तानाशाही रवैया अपनाया जा रहा है, अधिवक्ताओं के खिलाफ फर्जी एफआईआर दर्ज की जा रही हैं और उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। वकीलों ने मांग की कि उनके खिलाफ दर्ज सभी मुकदमे तत्काल वापस लिए जाएं और बनारस क्लब को वर्तमान स्थान से हटाया जाए।
जुलूस के दौरान अधिवक्ताओं ने एक स्वर में अपनी मांगों को दोहराया और प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे और आर-पार की लड़ाई लड़ने को बाध्य होंगे। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

