देश में हाल ही में विवादों में आई “कॉकरोच जनता पार्टी” का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर अकाउंट भारत में बैन कर दिया गया है। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब पार्टी तेजी से सोशल मीडिया पर लोकप्रिय हो रही थी।यह पूरा मामला उस बयान के बाद शुरू हुआ, जो भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत से जुड़ा बताया गया। पिछले सप्ताह सुप्रीम कोर्ट में एक सुनवाई के दौरान उनके कथित बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया था, जिसमें बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से किए जाने की बात सामने आई। हालांकि बाद में इस पर सफाई भी दी गई, लेकिन विवाद थमता नहीं दिखा।इसी विरोध के बीच “कॉकरोच जनता पार्टी” नाम से एक सोशल मीडिया मुहिम शुरू की गई, जो धीरे-धीरे वायरल हो गई। शुरुआत में मजाक के तौर पर शुरू हुई इस पहल को बड़ी संख्या में युवाओं का समर्थन मिला और देखते ही देखते इसके लाखों फॉलोअर्स हो गए।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पार्टी का X अकाउंट अब भारत में दिखाई नहीं दे रहा है, जबकि उसका इंस्टाग्राम पेज अभी भी सक्रिय है। दावा किया जा रहा है कि इंस्टाग्राम पर इसके 1 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हैं, जो कई बड़ी राजनीतिक पार्टियों के सोशल मीडिया आंकड़ों से भी अधिक बताए जा रहे हैं।अकाउंट बैन होने के बाद पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके ने नाराजगी जताई है। उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा कि पहले उनके अकाउंट को हैक करने की कोशिश की गई और जब यह संभव नहीं हुआ, तो उसे बैन कर दिया गया। उन्होंने इस कार्रवाई को लोकतंत्र के खिलाफ बताते हुए युवाओं से आवाज उठाने की अपील की है।फिलहाल, X अकाउंट बैन होने के कारणों को लेकर आधिकारिक रूप से कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है, जिससे इस पूरे मामले पर सवाल और बहस जारी है।


