ऑपरेशन सिंदूर की प्रथम वर्षगांठ पर दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती भारतीय सेना के शौर्य को समर्पित

दशाश्वमेध घाट पर आयोजित विश्व प्रसिद्ध मां गंगा की आरती में भारतीय सेना के शौर्य और “ऑपरेशन सिंदूर” की प्रथम वर्षगांठ को विशेष रूप से समर्पित किया गया। गंगा सेवा निधि द्वारा आयोजित इस अवसर पर दीप प्रज्वलन, शंखनाद और डमरू की थाप के बीच सेना के पराक्रम को नमन किया गया।गंगा आरती के दौरान मां गंगा से देश की सुख-समृद्धि एवं सुरक्षा की कामना की गई। वहीं बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना की गई कि भारतीय सेना आतंकवाद के खिलाफ इसी तरह साहस और पराक्रम का प्रदर्शन करती रहे।

आरती शुरू होने से पहले दशाश्वमेध घाट पर मौजूद हजारों श्रद्धालु देशभक्ति के रंग में रंगे नजर आए। पूरा घाट “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद की सेना” जैसे गगनभेदी नारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने दीप जलाकर भारतीय सेना के वीर जवानों को सम्मान और बधाई दी।कार्यक्रम के दौरान गंगा सेवा निधि के अर्चकों द्वारा जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए मां गंगा में दीपदान भी किया गया।इस अवसर पर गंगा सेवा निधि के कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी, सचिव हनुमान यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे ।



Post a Comment

Previous Post Next Post