शिवपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और एक शातिर चेन स्नैचर के बीच हुई मुठभेड़ में बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, नकदी और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। आरोपी ने पूछताछ में महिला से चेन लूट की वारदात सहित कई घटनाओं में शामिल होने की बात कबूल की है।पुलिस के अनुसार प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा अपनी टीम के साथ रिंग रोड सिंधौरा-चांदमारी अंडरपास के पास संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की टीवीएस अपाचे बाइक पर सवार एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर वह भागने लगा।घेराबंदी के दौरान बाइक फिसलकर गिर गई, जिसके बाद बदमाश ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई।
घायल बदमाश की पहचान बादल साहनी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध .15 बोर तमंचा, एक फायरशुदा खोखा, एक जिंदा कारतूस, 3630 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी अमन यादव के साथ मिलकर 30 अप्रैल 2026 को विश्वनाथपुरी कॉलोनी में एक महिला के गले से चेन लूटी थी। घटना के बाद दोनों सेंट्रल जेल रोड की ओर फरार हो गए थे। आरोपी ने बताया कि लूटी गई चेन को ज्वैलर्स के यहां बेच दिया गया था और मिले पैसों का कुछ हिस्सा नशे में खर्च कर दिया गया।आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह वारदात के दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक का इस्तेमाल करते थे और क्षेत्र में फिर से लूट की योजना बना रहे थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर घायल बदमाश को उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय भेज दिया।मुठभेड़ और गिरफ्तारी की कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रवीण सचान, अनिकेत श्रीवास्तव, गौरव सिंह, विद्यासागर सहित पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने मौके से फायरिंग से जुड़े साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है।

