नई दिल्ली। केंद्र सरकार द्वारा सोने और चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी 6% से बढ़ाकर 15% किए जाने के बाद घरेलू बाजार में कीमती धातुओं की कीमतों में बड़ा उछाल देखने को मिला है। फैसले के तुरंत बाद सोना करीब ₹9,000 प्रति 10 ग्राम और चांदी लगभग ₹18,000 प्रति किलो तक महंगी हो गई।सर्राफा बाजार के कारोबारियों के अनुसार, बढ़ी हुई ड्यूटी का सीधा असर आयात लागत पर पड़ा है, जिसकी वजह से बाजार में कीमतें तेजी से बढ़ीं। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में मांग में कमी आ सकती है, क्योंकि ऊंचे दाम आम ग्राहकों की खरीद क्षमता को प्रभावित करेंगे।दिलचस्प बात यह है कि प्रधानमंत्री ने तीन दिन पहले एक सार्वजनिक कार्यक्रम में लोगों से “फिलहाल सोना न खरीदने” की अपील की थी। प्रधानमंत्री के इस बयान के बाद बाजार में पहले से ही अटकलें तेज थीं कि सरकार सोने के आयात को लेकर कोई बड़ा कदम उठा सकती है।
आर्थिक जानकारों का मानना है कि सरकार का उद्देश्य बढ़ते आयात बिल को नियंत्रित करना और विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम करना है। भारत दुनिया में सोने का सबसे बड़ा आयातक देशों में शामिल है, ऐसे में ड्यूटी बढ़ाने से आयात में कमी आने की संभावना जताई जा रही है।वहीं, निवेशकों के बीच अब सवाल उठ रहा है कि क्या आने वाले समय में सोने और चांदी की कीमतों में और तेजी देखने को मिलेगी। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय कीमतों और रुपये की स्थिति भी आगे की दिशा तय करेगी।

