स्वामी हरसेवानन्द पब्लिक स्कूल में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा घोषित कक्षा 12वीं का परीक्षाफल शत-प्रतिशत रहा। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यार्थियों ने वर्षभर की मेहनत का शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए।विज्ञान वर्ग में खुशी चौधरी ने 92.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि ऋषिका राय ने 92.4 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं वाणिज्य वर्ग में शुभांगी यादव ने 87 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि आन्या गुप्ता एवं अनुभव दूबे ने 85.4 प्रतिशत अंक हासिल कर श्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
इसके अलावा अनुष्का गुप्ता, श्वेता शर्मा एवं तनय सिंह ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विषयवार उच्चतम अंकों में कमर्शियल आर्ट एवं कंप्यूटर में 100 अंक, फिजिकल एजुकेशन में 99 अंक, अंग्रेजी में 98 अंक तथा गणित एवं रसायन विज्ञान में 97 अंक विद्यार्थियों ने प्राप्त किए।विद्यालय के प्रबंधक बाबा प्रकाशध्यानानन्द ने इस सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों एवं अभिभावकों को दिया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य चन्द्रशेखर सिंह, डॉ. ए.के. चौबे, ले. एम.एस. यादव (रि.) सहित विद्यालय के शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

