वाराणसी में अवैध हथियारों के कारोबार का खुलासा, युवक के पास से दो पिस्टल और कारतूस बरामद

वाराणसी में अपराध और अवैध हथियारों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया, जिसके पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 22 वर्षीय नितेश पांडेय के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई देने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से दो पिस्टल, दो मैगजीन और सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए। बरामदगी के बाद पुलिस आरोपी को थाने ले गई और उससे गहन पूछताछ की गई।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह अवैध असलहा और कारतूस की खरीद-फरोख्त के काम से जुड़ा हुआ था। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हथियार कहां से लाता था, उसका नेटवर्क किन लोगों तक फैला हुआ है और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।





Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post