उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में मामा की शादी में शामिल होने आए 10 वर्षीय बच्चे की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और बारातियों ने ट्रक चालक का पीछा कर उसे थाने के बाहर पकड़ लिया। पुलिस द्वारा चालक और खलासी को हिरासत में लेने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और थाने में जमकर हंगामा हुआ। स्थिति बेकाबू होने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। बाद में आक्रोशित लोगों ने हाईवे जाम कर दिया।घटना गुरुवार तड़के करीब 3:30 बजे मुस्करा थाना क्षेत्र स्थित विक्रम पैलेस मैरिज लॉन के बाहर हुई। जानकारी के मुताबिक, जालौन के चंदरसी गांव निवासी दीपक राजपूत की बारात हमीरपुर आई थी। शादी की रस्में पूरी होने के बाद विदाई की तैयारी चल रही थी।
इसी दौरान दूल्हे का 10 वर्षीय भांजा अनिकेत पुत्र राजकुमार मैरिज लॉन के बाहर सड़क किनारे खड़ा था। तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार होने लगा। गुस्साए बारातियों और परिजनों ने उसका पीछा किया। करीब 4 किलोमीटर दूर चालक ट्रक लेकर मुस्करा थाने पहुंच गया और खुद को बचाने के लिए थाने में घुसने लगा। इसी दौरान पीछा कर रहे लोगों ने चालक और खलासी को पकड़ लिया और उनकी पिटाई शुरू कर दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ से चालक और खलासी को छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। इससे परिजन और बाराती भड़क गए। करीब 40 से अधिक लोग लाठी-डंडे लेकर थाने पहुंच गए। कुछ लोग थाने के अंदर घुस गए और आरोपियों को उनके हवाले करने की मांग करने लगे।इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। बच्चे की मौसी ने गुस्से में हेड कॉन्स्टेबल दिनेश कुमार का कॉलर पकड़ लिया और आग लगाने की धमकी दी। माहौल बिगड़ता देख अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।
स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर लोगों को थाने से बाहर खदेड़ा। लाठीचार्ज में कई बारातियों को हल्की चोटें आईं, जबकि एक युवक घायल हो गया।इसके बाद गुस्साए लोगों ने मिर्जापुर हाईवे जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक सड़क पर प्रदर्शन चलता रहा, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस अधिकारियों और प्रशासन के समझाने के बाद सुबह करीब 6:30 बजे जाम खुल सका।
मुस्करा थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है और ट्रक को कब्जे में कर लिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

