सीबीएसई द्वारा घोषित इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में स्वामी हरसेवानन्द पब्लिक स्कूल में अभिनन्दन समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने मेधावी छात्रों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।विद्यालय के प्रबंधक प्रकाशध्यानानन्द ने सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को माल्यार्पण कर मिठाई खिलाई तथा उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण एवं अभिभावकों के विश्वास का परिणाम है। विद्यालय सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है, जिसके कारण शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालय की अलग पहचान बनी हुई है।
विद्यालय की छात्रा अस्मि सिंह ने विज्ञान संवर्ग में 96.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया। वहीं खुशी चौधरी ने गणित संवर्ग में 92.6 प्रतिशत तथा ऋषिका राय ने 92.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विषयवार उच्चतम अंकों में कमर्शियल आर्ट में 100, संगीत में 99, भौतिकी में 97 तथा रसायन विज्ञान में उत्कृष्ट अंक प्राप्त हुए।कामर्स संवर्ग में शुभांगी यादव, आन्या गुप्ता, अनुभव दूबे सहित अनुष्का गुप्ता, श्वेता शर्मा, तनय सिंह, कासवी, आर्या, अंकुर, शाश्वत एवं सत्यप्रकाश समेत अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य चन्द्रशेखर सिंह, डॉ. अजय कुमार चौबे, रचना अग्रवाल, दशरथ लाल, अतीन्द्र सिंह, वरुण पाण्डेय, अशोक यादव, ए.एन. पाण्डेय, दिनेश सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

