वाराणसी। निषाद पार्टी द्वारा आयोजित “राजनीतिक एकता विशाल महा रैली” में शुक्रवार को हजारों कार्यकर्ताओं की भागीदारी देखने को मिली। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह नजर आया। ढोल-नगाड़ों की धुन पर समर्थक झूमते और नाचते दिखाई दिए, जिससे पूरे आयोजन में उत्सवी माहौल बना रहा।रैली को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने इसे 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी का शक्ति प्रदर्शन बताया। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में पार्टी ने 15 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमें 11 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। इस बार भाजपा गठबंधन में निषाद पार्टी को पहले से अधिक सीटें मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा गठबंधन धर्म निभाएगी और निषाद पार्टी को ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने का अवसर मिलेगा। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।पश्चिम बंगाल की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए
डॉ. निषाद ने कहा कि वहां की जनता बदलाव चाहती है और आने वाले समय में भाजपा की सरकार बनने की संभावना है।महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में पार्टी महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करेगी और उन्हें सम्मानजनक प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया जाएगा।इस मौके पर निषाद पार्टी के कई विधायक और वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। रैली को लेकर राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पार्टी आगामी चुनावों को लेकर पूरी तरह सक्रिय हो चुकी है और संगठन को मजबूत करने में जुटी है।


