पुणे के बहुचर्चित पोर्श कार हादसे से जुड़े आरोपी विशाल अग्रवाल का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में विशाल अग्रवाल अपने परिजनों के साथ गले में नोटों की माला पहने डांस करते और जश्न मनाते नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो उनकी जमानत के बाद का है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया पर यूजर्स इसे पीड़ित परिवारों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ बताते हुए न्याय व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। कई लोगों ने आरोप लगाया कि गंभीर मामले में आरोपी का इस तरह जश्न मनाना संवेदनहीनता दर्शाता है।उल्लेखनीय है कि पुणे के कल्याणी नगर क्षेत्र में हुए इस हादसे में तेज रफ्तार पोर्श कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के समय कार एक नाबालिग चला रहा था, जिस पर नशे में होने के आरोप लगे थे। मामले में बाद में सबूतों से छेड़छाड़ और ब्लड सैंपल बदलने जैसे गंभीर आरोप भी सामने आए थे।इस मामले में पुलिस ने विशाल अग्रवाल सहित कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की थी। हाल ही में उन्हें जमानत मिलने के बाद यह वीडियो सामने आने से मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।


.jpeg)