रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 के क्वालीफायर-1 में गुजरात टाइटंस को एकतरफा अंदाज में हराकर फाइनल में जगह बना ली। टीम के कप्तान रजत पाटीदार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 33 गेंदों में नाबाद 93 रन ठोक दिए। उनकी विस्फोटक पारी में 5 चौके और 9 लंबे छक्के शामिल रहे। इस दमदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।मैच के बाद पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में रजत पाटीदार ने खुलासा किया कि टीम की रणनीति शुरुआत से ही विपक्षी टीम पर दबाव बनाने और उन्हें बैकफुट पर धकेलने की थी। उन्होंने कहा,“हमारा प्लान साफ था कि अपनी बॉडी लैंग्वेज और अटैकिंग माइंडसेट से सामने वाली टीम को महसूस कराना है कि हम उन पर हावी होने आए हैं। हर बल्लेबाज इसी इरादे के साथ खेल रहा था।”पाटीदार ने अपनी बल्लेबाजी को लेकर कहा कि वे शुरुआत में विकेट और गेंद के व्यवहार को समझने के लिए कुछ गेंदें लेते हैं, लेकिन उसके बाद उनका लक्ष्य सिर्फ गेंदबाजों पर दबाव बनाना होता है।
\उन्होंने कहा,“मैं हमेशा गेंदबाज को प्रेशर में रखना पसंद करता हूं। 8-10 गेंद खेलने के बाद मेरा दिमाग बिल्कुल क्लियर हो जाता है कि मुझे किस तरह आगे बढ़ना है।”कप्तान पाटीदार ने टीम की गेंदबाजी की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि टीम की रणनीति गुजरात टाइटंस के टॉप-3 बल्लेबाजों को पावरप्ले में आउट करने की थी।उन्होंने कहा,“GT की बल्लेबाजी काफी हद तक उनके टॉप-3 पर निर्भर रही है। हमारी योजना थी कि उन्हें शुरुआती ओवरों में ही आउट किया जाए और गेंदबाजों ने शानदार तरीके से इसे अमल में उतारा।”इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर रोमारियो शेफर्ड को उतारने पर पाटीदार ने कहा कि टीम फाइनल से पहले उनके मिडिल ओवर्स बॉलिंग ऑप्शन को परखना चाहती थी।इस जीत के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पांचवीं बार आईपीएल फाइनल में पहुंची है। खास बात यह है कि लगातार दूसरे साल टीम ने फाइनल में जगह बनाई है और दोनों बार कप्तानी रजत पाटीदार ने संभाली है।
Tags
Trending


