पवित्र पुरुषोत्तम मास के शुभ अवसर पर भगेलू साव स्मृति सेवा समिति (रजि.) एवं केसरवानी वैश्य नगर सभा, वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में “श्री रामचरित मानस मास परायण कथा प्रेम यज्ञ” का भव्य आयोजन 17 मई से 15 जून 2026 तक किया जाएगा। यह आध्यात्मिक आयोजन प्रतिदिन अपराह्न 3 बजे से सायं 7 बजे तक ठाकुर जी की बगिया, सारंग तालाब चौराहा, पाण्डेयपुर में सम्पन्न होगा।एक माह तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में कथा व्यास परम पूज्य संजय प्रभु दास श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा, मानस रहस्य एवं भक्ति रस का श्रवण कराएंगे। आयोजन समिति के अनुसार पुरुषोत्तम मास के दौरान होने वाला यह कथा प्रेम यज्ञ समाज में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक चेतना का संचार करेगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दी सेन्ट्रल बार एसोसिएशन, वाराणसी के पूर्व अध्यक्ष एवं समाजसेवी विवेक शंकर तिवारी उपस्थित रहेंगे, जबकि मुख्य यजमान की भूमिका डॉ. अनिल कुमार गुप्ता निभाएंगे। समिति ने बताया कि कथा के माध्यम से श्रद्धालु भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा प्राप्त करेंगे तथा पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव करेंगे। आयोजन समिति ने काशीवासियों एवं श्रद्धालुओं से परिवार सहित उपस्थित होकर कथा श्रवण एवं पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।कार्यक्रम के आयोजन में अध्यक्ष गुलाब चंद केशरी, महामंत्री राजेश केशरी, कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार केशरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मदन लाल केशरी सहित अन्य लोग सहयोग कर रहे हैं।

