काशी विश्वनाथ धाम की सुरक्षा होगी और मजबूत: गलियों में लगेंगे 150 हाईटेक कैमरे, ऊंची की जाएंगी दीवारें

श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त एवं आधुनिक बनाया जाएगा। धाम से जुड़ी गलियों में करीब 150 हाई रिजॉल्यूशन एचडी कैमरे लगाए जाएंगे, जबकि परिसर की नीची दीवारों को ऊंचा कर सुरक्षा घेरा मजबूत किया जाएगा।करीब 50 हजार वर्ग मीटर में फैले धाम परिसर की कई दीवारें वर्तमान में लगभग आठ फीट ऊंची हैं। इनमें नीचे पत्थर की दीवार और ऊपर ग्रिल व नेट लगाए गए हैं, लेकिन भगवान जौ विनायक मंदिर, नीलकंठ क्षेत्र और सतुआ बाबा आश्रम गली की ओर कुछ हिस्सों में दीवार अपेक्षाकृत नीची होने के कारण बाहर से परिसर के अंदर तक देखा जा सकता है। सुरक्षा एजेंसियों ने इसे संवेदनशील मानते हुए दीवारों की ऊंचाई बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

हाल ही में आईबी की अपर निदेशक विनीता शर्मा और एडीजी सुरक्षा तरुण गाबा ने धाम परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का ऑडिट किया था। इसके बाद मंदिर सुरक्षा समिति की बैठक में कैमरों की संख्या बढ़ाने, ब्लाइंड स्पॉट को निगरानी में लाने और सुरक्षा ढांचे को और मजबूत करने का निर्णय लिया गया।मंदिर प्रशासन ने अतिरिक्त कैमरों की स्थापना के लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। साथ ही, जिन क्षेत्रों में दीवारें कम ऊंचाई की हैं, उनका चिह्नांकन भी शुरू कर दिया गया है। प्रशासन की विशेष चिंता सावन, त्योहारों और विशेष अवसरों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को लेकर है।


भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गेट नंबर-4 के पास प्रशासनिक भवन के बगल से वैकल्पिक मार्ग बनाने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है, जिससे गंगा द्वार से दर्शन कर लौटने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम हो सके।इसके अलावा भैरव गेट पर आधुनिक स्लाइडिंग गेट लगाए जाएंगे। गंगा द्वार एवं जलमार्ग सुरक्षा को मजबूत करने के लिए जल पुलिस, एनडीआरएफ और पीएसी की संयुक्त बोट पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं। साइबर सुरक्षा और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।धाम परिसर में बैरिकेडिंग, होल्डिंग एरिया, वीडियो वॉल और उद्घोषणा प्रणाली को भी आधुनिक तकनीक से सुसज्जित करने की योजना है। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के डिप्टी कलेक्टर शम्भू शरण ने बताया कि सभी निर्देशों के आधार पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है और जल्द ही इसे अमल में लाया जाएगा।



Post a Comment

Previous Post Next Post