शिवाकांत मिश्रा ने सिगरा थाने का कार्यभार संभालते ही सख्त तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल द्वारा किए गए तबादलों के तहत उन्हें सिगरा थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
चार्ज लेते ही थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर उन्होंने मंगलवार को सिगरा थाना क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया और कानून व्यवस्था, यातायात तथा सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों का जायजा लिया।क्षेत्र भ्रमण के दौरान कई स्थानों पर व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया। लोगों के उत्साह और समर्थन पर थाना प्रभारी ने कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है।
निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण कर दुकान लगाने वालों को सख्त चेतावनी दी गई। थाना प्रभारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाया जाए, अन्यथा कार्रवाई तय मानी जाए। इसके अलावा मॉडल शॉप और सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीकर माहौल खराब करने वालों को भी कड़ी हिदायत दी गई।शिवाकांत मिश्रा ने साफ शब्दों में कहा कि सिगरा क्षेत्र में कानून व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने संकेत दिए कि क्षेत्र में अनियमितताओं, अवैध गतिविधियों और हुड़दंग के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


