नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। भोपाल पुलिस के मुताबिक रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी लगना सामने आई है, जिसके आधार पर इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है।भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां थीं, जिन्होंने ट्विशा को यह कदम उठाने के लिए मजबूर किया। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष और तेज जांच की जा रही है।
इस बीच ट्विशा के परिवार ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि शादी के बाद से ही ट्विशा को परेशान किया जा रहा था। वहीं मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह अब तक फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।मामला उस समय और गंभीर हो गया जब ट्विशा के पिता ने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष अपने कानूनी प्रभाव का इस्तेमाल कर जांच को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है। हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि किसी भी दबाव में काम नहीं किया जा रहा और हर पहलू की निष्पक्ष जांच होगी।
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने यह भी कहा कि यदि परिवार चाहे तो दोबारा पोस्टमार्टम कराने पर भी पुलिस को कोई आपत्ति नहीं है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के पीछे की असली वजह और परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों की गहराई से पड़ताल कर रही है।


